home page

25 अक्टूबर को वाराणसी आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, नमोघाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयरशो में होंगे शामिल

 | 
25 अक्टूबर को वाराणसी आएंगे प्रधानमंत्री मोदी, नमोघाट पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयरशो में होंगे शामिल


खोचवां स्थित अरविंद मिल में महिलाओं से करेंगे संवाद, प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़े पहलुओं की लेंगे जानकारी

वाराणसी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आएंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री इस दौरान मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां स्थित अरविंद मिल का दौरा करेंगे और वहां कार्यरत महिलाओं से संवाद कर उनके प्रशिक्षण, रोजगार तथा आजीविका से जुड़े पहलुओं की जानकारी लेंगे। इसके बाद वह नमोघाट पहुंचकर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयरशो में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह 10:15 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह खोचवां स्थित अरविंद मिल जाएंगे। महिलाओं से संवाद के बाद हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से नमोघाट जाएंगे। प्रधानमंत्री का वाराणसी में लगभग साढ़े चार घंटे ठहरने का कार्यक्रम है। दोपहर 2:45 बजे वह वाराणसी से रवाना हो जाएंगे। एयरशो के दौरान प्रधानमंत्री के साथ अन्य विशिष्ट अतिथियों के भी मौजूद रहने की संभावना है।

—सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, स्वागत की तैयारियां तेज

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे और एयरशो में उनकी भागीदारी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। वहीं, भाजपा काशी क्षेत्र के पदाधिकारी प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। नमोघाट पर प्रधानमंत्री के आवागमन वाले मार्ग पर ब्लू कारपेट बिछाने की तैयारी है।

——हेलीपैड से फेस-1 तक बनेगा अलग मार्ग

प्रधानमंत्री और एयरशो में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए नमोघाट पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। हेलीपैड से नमोघाट के फेस-1 तक दोनों ओर लोहे के ट्रस लगाकर अलग मार्ग तैयार किया जा रहा है। इसके जरिए प्रधानमंत्री और अन्य अतिथियों को उनके निर्धारित बैठने के स्थान तक पहुंचाया जाएगा।

—फेस-2 और 3 पर बन रहे वातानुकूलित हैंगर टेंट

नमोघाट के फेस-2 और फेस-3 पर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए पांच बड़े हैंगर टेंट बनाए जा रहे हैं। बिना खंभों वाले इन टेंटों को वातानुकूलित रखा जाएगा। इसके अलावा घाट पर 10 से अधिक वीआईपी कैनोपी भी तैयार की जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य अतिथियों के बैठने और कार्यक्रम के संचालन से जुड़ी सुविधाओं को व्यवस्थित करना है।

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियां तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। नमोघाट पर होने वाले एयरशो को लेकर भी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी