home page

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर काशी में हवन पूजन का दौर, एक दिन पहले से ही उत्सव जैसा माहौल

 | 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर काशी में हवन पूजन का दौर, एक दिन पहले से ही उत्सव जैसा माहौल


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर काशी में हवन पूजन का दौर, एक दिन पहले से ही उत्सव जैसा माहौल


- वाराणसी के बुनकर ने रेशमी धागों से प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देतीं उनकी मां हीराबेन की जीवंत छवि उकेरी

वाराणसी, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 77वें जन्मदिन के एक दिन पहले ही बुधवार को उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उत्सव सरीखा माहौल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घ और स्वस्थ जीवन के लिए नगर में हवन पूजन शुरू हो गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अगुवाई में और क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल के नेतृत्व में कामना पूर्ण हनुमान मंदिर एवं शांतिकेश्वर महादेव मंदिर परिसर बड़ादेव दशाश्वमेध क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने यज्ञ और हवन किया। कार्यकर्ताओं ने महादेव और हनुमान जी से प्रधानमंत्री के शतायु दीर्घायु होने और उनके नेतृत्व में देश प्रगति पथ पर अग्रसर होते हुए विकसित राष्ट्र बने की कामना भी की।

इस क्रम में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेल प्रतिभाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन समारोह में 1077 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की बालिका खिलाड़ियों के साथ विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। बड़ी संख्या में बेटियों की मौजूदगी से पूरा स्टेडियम उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के दौरान बालिका खिलाड़ियों और छात्राओं में खासा उत्साह रहा। कार्यक्रम के समापन पर बालिकाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशाल कटआउट के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी लेकर इस यादगार अवसर को कैमरे में कैद किया। इसके बाद एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम के संयोजक व विकास एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एके सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में कई प्रयास हुए हैं। इससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए नए अवसर मिले हैं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिला है। उन्होंने कहा कि बेटियों की खेलों में बढ़ती भागीदारी देश के लिए सकारात्मक संकेत है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली खिलाड़ियों के साथ छात्राओं की सहभागिता से नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी।

बुनकर ने रेशमी धागों से प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देतीं उनकी मां हीराबेन की जीवंत छवि उकेरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर धर्म नगरी काशी के एक हुनरमंद बुनकर ने रेशमी धागों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आशीर्वाद देतीं उनकी मां हीराबेन की जीवंत छवि उकेरी है। बुनकर सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर कतान के धागों से यह विशेष वॉल हैंगिंग तैयार की है। इस विशेष वॉल हैंगिंग में गोलोकवासी मां हीराबेन अपने पुत्र नरेंद्र मोदी के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद देती नजर आ रही है। बुनकर के अनुसार यह खास शिल्पकारी त्रेतायुग की पारंपरिक हस्तशिल्प शैली ‘उचंद कला’ से प्रेरित है। इस कृति को उन्होंने साड़ी में भी उकेरा है। बुनकर के अनुसार, हथकरघे और हाथों की कारीगरी से बनी इस वॉल हैंगिंग को पूरा करने में लगभग 50 दिन लग गए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी