वाराणसी के पार्षद उज्जैन नगर निगम के एक्सपोजर विजिट पर, विभिन्न शहरी विकास विषयों पर की चर्चा
—उज्जैन नगर निगम के महापौर मुकेश व सभापति कलावती यादव ने पार्षदों को किया सम्मानित
वाराणसी, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम के पार्षदों का एक दल उज्जैन नगर निगम के एक्सपोजर विजिट पर है। उज्जैन स्थित छत्रपति शिवाजी सभागार में आयोजित एक्सपोजर विजिट के दौरान बनारस के पार्षदों ने विभिन्न शहरी विकास विषयों पर आपस में चर्चा की और इसके अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर नगर प्रशासन से जुड़ी योजनाओं को स्वच्छता, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के तरीके पर विचार विमर्श किया गया।
वाराणसी के पार्षदों ने उज्जैन नगर निगम के कार्यप्रणाली और वहां पर लागू की गई नयी योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त की। तथा उन्हें शहर वाराणसी में लागू करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। इसके पूर्व वाराणसी के पार्षदों ने इन्दौर नगर निगम में जाकर भी बैठक की। वाराणसी के हुकुलगंज पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इस तरह के एक्सपोजर विजिट में दोनों नगर निगमों के बीच अनुभव का आदान-प्रदान हुआ। जो भविष्य में शहरी विकास और अधिक सुदृढ़ बनाने का सहायक होगा । इसके पूर्व उज्जैन नगर निगम के महापौर मुकेश एवं सभापति कलावती यादव ने एक्सपोजर विजिट पहुंचे पार्षदों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
एक्सपोजर विजिट में वाराणसी नगर निगम के उपसभापति नरसिंह दास, सुरेश चौरसिया,अशोक मौर्या, बृजेश चन्द्र श्रीवास्तव, संजय जायसवाल, राजकपूर चौधरी(सपा पार्षद दल सचेतक),सीमा वर्मा, पुष्पा यादव,माधुरी सिंह, गरिमा सिंह, राजेन्द्र मौर्या,अभय पांडेय, सुशील गुप्ता, सिद्धनाथ शर्मा ,सिन्धु सोनकर सहित अन्य पार्षद गए है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

