प्रत्येक पात्र बच्चे तक समय पर टीकाकरण सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. मुकेश कुमार
वाराणसी, 14 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में कबीरनगर स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में मंगलवार को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जीरो डोज़र बच्चों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध रूप से टीकाकरण सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गावी-जेएसआई के सहयोग से जिला स्तरीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तरीय, नगरीय क्षेत्रों एवं ग्रामीण ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने की।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया, डॉ. नवीन सिंह, एसीएमओ डॉ. मौर्या, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी हरिवंश यादव, डीसीपीएम सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक समय पर टीकाकरण सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जीरो डोजर बच्चों की पहचान कर उन्हें नियमित टीकाकरण से जोड़ना जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी विभागों, फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है। प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग क्षेत्र स्तर पर प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे शत-प्रतिशत टीकाकरण कवरेज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने कहा कि रूटीन इम्यूनाइजेशन कार्यक्रम की सफलता सही माइक्रोप्लानिंग, समयबद्ध रिपोर्टिंग, यू-विन प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। प्रत्येक जीरो डोजर बच्चे की पहचान कर उसे पूर्ण टीकाकरण से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम फील्ड स्तर पर कार्यरत टीमों की क्षमता को और अधिक मजबूत करेंगे।
प्रशिक्षण का तकनीकी संचालन यूनिसेफ के मंडल समन्वयक आलोक कुमार राय, जेएसआई-गावी की जिला समन्वयक गुरदीप कौर, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. महेंद्र सोनी तथा जेएसआई-गावी के एसडीसी सुनील पटेल द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के साथ व्यवहारिक एवं तकनीकी विषयों पर विस्तृत संवाद भी किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

