नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने श्री काशी विश्वनाथ और बाबा कालभैरव के दरबार में लगाई हाजिरी
बोले- पात्रों तक सुगमता से पहुंचे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों के साथ जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण होगी प्राथमिकता
वाराणसी, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी परिक्षेत्र के नवागत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण करने के पूर्व धर्मनगरी काशी के प्रमुख देवालयों में मत्था टेका। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर बाबा का आशीर्वाद लिया तथा परिक्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
दर्शन-पूजन के उपरांत मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्राथमिकता के आधार पर सुगमता से पहुंचाना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने और आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली का मुख्य उद्देश्य जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाना और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना होगा।
—2008 बैच के आईएएस अधिकारी हैं पांडियन
गौरतलब है कि के. विजयेंद्र पांडियन उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 2008 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। उनका जन्म 18 जुलाई 1981 को हुआ था। उनके पास बीबीए और एलएलबी की डिग्री है। प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट, उपाध्यक्ष, प्रबंध निदेशक, अतिरिक्त प्रबंध निदेशक और अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं।
विजयेंद्र पांडियन 28 अगस्त 2024 से उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे। वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी मिलने से पहले वह कानपुर के मंडलायुक्त के रूप में तैनात थे। इससे पूर्व वह गोरखपुर के जिलाधिकारी सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी कार्य कर चुके हैं। हिंदी, अंग्रेजी और तमिल भाषाओं के जानकार पांडियन से अब वाराणसी मंडल में प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

