home page

नेपाल में आई त्रासदी में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए काशी में विशेष अनुष्ठान

 | 
नेपाल में आई त्रासदी में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए काशी में विशेष अनुष्ठान


- 11 ब्राह्मणों ने विधि-विधान से पूजा कर नेपाल को इस संकट से उबारने के लिए महादेव से की कामना

वाराणसी, 30 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ की त्रासदी से बाबा विश्वनाथ की नगरी भी मर्माहत है। त्रासदी में मारे गए नागरिकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इसमें फंसे भारतीय पर्यटकों की सुरक्षित देश वापसी को लेकर रविवार को काशी में विशेष अनुष्ठान किया गया।

सुदामापुर स्थित इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर काली अवेयरनेस आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में 11 ब्राम्हणों ने वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच हवन पूजन किया गया। ब्राम्हणों ने बाबा विश्वनाथ और मां काली से पशुपतिनाथ की नगरी (नेपाल)में स्थिति सामान्य होने की विशेष प्रार्थना की। विशेष अनुष्ठान के बीच ब्राह्मणों ने हाथों में पोस्टर लेकर नेपाल के लोगों के प्रति संवेदना जताई और संकट की इस घड़ी में वहां के लोगों को शक्ति प्रदान करने की कामना की।

त्रासदी में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने तथा जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति देने की भी कामना की गई। इस दौरान वैदिक ब्राम्हणों ने कहा कि काशी और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध सदियों पुराने हैं। काशी में बाबा विश्वनाथ और नेपाल की राजधानी काठमांडू में भगवान पशुपतिनाथ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। ऐसे में नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर काशी के लोगों में भी चिंता और संवेदना है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि नेपाल के प्रभावित सभी नागरिकों को इस संकट से उबरने की शक्ति मिले महादेव से प्रार्थना की गई।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी