home page

नवसंघ स्पोर्टिंग क्लब की कालीपूजा में उमड़े श्रद्धालु, बंगीय परंपरा और काशी की संस्कृति का दिखा अनूठा संगम

 | 
नवसंघ स्पोर्टिंग क्लब की कालीपूजा में उमड़े श्रद्धालु, बंगीय परंपरा और काशी की संस्कृति का दिखा अनूठा संगम


वाराणसी, 09 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को भी उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी काशी के बंगीय पूजा पंडालों में मां काली के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में बंगीय समाज के लोगों ने पारंपरिक विधि-विधान से मां काली की आराधना की। महिलाओं के साथ बच्चों ने भी पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना में भाग लिया।

शहर के चर्चित मदनपुरा-देवनाथपुरा क्षेत्र स्थित नवसंघ स्पोर्टिंग क्लब के कालीपूजा पंडाल में विशेष रौनक देखने को मिली। यहां मां काली के दर्शन के लिए देर तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पंडाल की भव्य सजावट और आकर्षक विद्युत झालरों ने लोगों का मन मोह लिया। देवनाथपुरा की संकरी गलियों से लेकर पांडेय हवेली मुख्य मार्ग तक झूमर लाइटों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक सजावट की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए क्लब के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की निगरानी में दर्शन-पूजन की समुचित व्यवस्था की गई है।

इससे पहले दीपावली की रात पंडाल में लगभग 12 फुट ऊंची मां काली की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चक्षुदान और प्राण प्रतिष्ठा की रस्म पूरी की गई। इसके साथ ही कलश स्थापना और विधि-विधान से पूजन-अर्चन हुआ। देर रात महानिशीथ काल में तांत्रिकों ने तंत्र साधना के माध्यम से मां काली का आह्वान किया। यह विशेष अनुष्ठान भोर तक चलता रहा। अर्धरात्रि के बाद भगवान गणेश सहित पंचदेवताओं की पूजा भी की गई।

नवसंघ क्लब के अलावा सोनारपुरा स्थित वाणी संघ, भेलूपुर के जिम स्पोर्टिंग क्लब, शारदोत्सव संघ और पांडेय हवेली सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर भी मां काली की पूजा धूमधाम से की गई। वहीं, देवनाथपुरा स्थित शवशिवा काली मंदिर में भी विशेष पूजन-अर्चन हुआ। ऐतिहासिक महत्व वाले इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1789 में पश्चिम बंगाल के राजा चंद्रराय के पुरोहित चंद्रशेखर शर्मा ने कराई थी। मंदिर में विराजमान मां काली की प्रतिमा की विशेषता है कि सामने से दर्शन करने पर शव के ऊपर शिव और उनके ऊपर मां काली के दर्शन होते हैं, जबकि पीछे की ओर से शिवलिंग दिखाई देता है।

बंगीय समाज में अमावस्या की रात मां काली की आराधना का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि मां काली की पूजा करने से भय का नाश होता है, रोगों से मुक्ति मिलती है और शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अमावस्या की रात उत्पन्न होने वाली नकारात्मक शक्तियों का संहार भी मां काली करती हैं। कालीपूजा में बंगाल की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और बनारस की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी