देश की आधी आबादी के सम्मान और अधिकारों का दस्तावेज है 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' : स्मृति ईरानी
—पूर्व केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' कार्यक्रम में हुए शामिल
वाराणसी, 17 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के सम्मान और अधिकारों का दस्तावेज़ है। इस कानून के लागू होने से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित होगा, जिससे नीति-निर्धारण में महिलाओं की प्रभावी भूमिका तय होगी।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार को यहां चौकाघाट स्थित गिरजादेवी सांस्कृतिक संकुल सभागार में आयोजित नारी शक्ति वंदन' ,सशक्त नारी, सशक्त भारत कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मंच पर मौजूदगी के बीच पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प अब धरातल पर है। बेटी-बचाओ-बेटी पढ़ाओ और सुकन्या समृद्धि योजना से बेटियों का भविष्य सुरक्षित हुआ है। उज्ज्वला योजना और मातृ वंदना योजना ने महिलाओं के जीवन स्तर में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। अब महिला आरक्षण कानून से राजनीति, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्रों में महिलाओं का आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता और भी सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि काशी की धरती हमेशा से नारी शक्ति की उपासक रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल करना विकसित भारत के निर्माण के लिए अनिवार्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिना भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया है और मुस्लिम बेटियों के भी हितों की भी रक्षा की। इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दीप प्रज्वलन कर किया।
कार्यक्रम में साहित्यकार डॉ नीरजा माधव , वरिष्ठ भाजपा नेत्री मीना चौबे ,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ,आनंद प्रभा ,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर, साधना वेदांती, पूर्व महापौर मृदुला जायसवाल, निर्मला सिंह पटेल, पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित भरतनाट्यम कलाकार नलिनी कमलिनी की खास उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन रचना अग्रवाल एवं धन्यवाद ज्ञापन साधना वेदांती ने किया।
कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिला अध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, अशोक पांडेय आदि की मौजूदगी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

