home page

नगर निगम की पहल: वाराणसी शहर के दो लाख परिवारों को मुफ्त मिलेंगे चार लाख डस्टबिन

 | 
नगर निगम की पहल: वाराणसी शहर के दो लाख परिवारों को मुफ्त मिलेंगे चार लाख डस्टबिन


—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से काशी में शुरू होगा स्वच्छता और समाधान का महाअभियान

वाराणसी, 05 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर वाराणसी नगर निगम शहर में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को नई गति देने के लिए व्यापक अभियान शुरू करने जा रहा है। इस पहल के तहत शहर के दो लाख भवन स्वामियों को मुफ्त में चार लाख डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक परिवार को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए दो-दो डस्टबिन (हरा और नीला) उपलब्ध कराए जाएंगे।

बुधवार को नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर निगम की इस योजना का उद्देश्य स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करना है। हरे डस्टबिन में फल-सब्जियों के अवशेष, पत्तियां, छिलके और बचा हुआ भोजन जैसे गीले कचरे को रखा जाएगा, जबकि नीले डस्टबिन में प्लास्टिक की बोतलें, चिप्स के रैपर, चप्पलें, कागज और कांच जैसी सूखी सामग्री एकत्र की जाएगी। इससे कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनेगा।

50 वार्डों तक पहुंचेगी त्वरित-समाधान व्यवस्था

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 21 जुलाई से गंगा तटवर्ती 25 वार्डों में संचालित 'त्वरित-समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट' का अब दूसरे चरण में विस्तार किया जा रहा है। 17 सितंबर से 25 और वार्ड इस परियोजना से जुड़ जाएंगे। इसके बाद शहर के कुल 50 वार्डों में छह विभागों से संबंधित 14 प्रमुख नागरिक समस्याओं का अधिकतम चार घंटे के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

व्हाट्सएप चैटबॉट से दर्ज होगी शिकायत

शिकायत निस्तारण प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए नगर निगम ने व्हाट्सएप चैटबॉट प्रणाली लागू की है। नागरिक व्हाट्सएप नंबर 8601872601 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत प्राप्त होते ही सिस्टम उसे मास्टर डेटाबेस से मिलान कर संबंधित क्षेत्र के अधिकारी के मोबाइल एप पर लाइव फोटो और जीपीएस लोकेशन के साथ भेज देगा।

शिकायत दर्ज होने पर नागरिक को तत्काल टिकट आईडी प्राप्त होगी। इसके बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगा और विभागीय एप के माध्यम से समाधान की तस्वीर अपलोड करेगा। एप फोटो के साथ जीपीएस लोकेशन और समय को स्वतः रिकॉर्ड करेगा। बैकएंड सत्यापन के बाद शिकायत का स्टेटस 'पेंडिंग' से 'क्लोज' हो जाएगा और इसकी सूचना शिकायतकर्ता को तत्काल भेज दी जाएगी।

महापौर बोले— स्वच्छता और त्वरित सेवा दोनों हमारी प्राथमिकता

महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि काशी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया था। उनके जन्मदिवस पर नगर निगम चार लाख डस्टबिन वितरित कर स्वच्छता अभियान को और मजबूत करेगा। साथ ही त्वरित-समाधान व्यवस्था का विस्तार 50 वार्डों तक किया जा रहा है, ताकि नागरिकों की समस्याओं का अधिकतम चार घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी