home page

वाराणसी के आधा दर्जन घाटों पर दिखी रोशनी की कमी, महापाैर ने डार्क जोन खत्म करने के दिए निर्देश

 | 
वाराणसी के आधा दर्जन घाटों पर दिखी रोशनी की कमी, महापाैर ने डार्क जोन खत्म करने के दिए निर्देश


—शाम अस्सी से नमो घाट तक नाव से महापौर व नगर आयुक्त ने किया भ्रमण, डोमरी के मियावाकी वन क्षेत्र में फ्लड लाइट लगाने के निर्देश

वाराणसी, 22 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक नगरी काशी में देव दीपावली पर्व को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए नगर निगम तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। घाटों पर सजावटी लाइटिंग, झालरों और फ्लड लाइटिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इसी क्रम में रविवार शाम महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट से नाव के माध्यम से नमो घाट तक गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान करीब आधा दर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिली, जिस पर महापौर ने तत्काल डार्क जोन खत्म कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मानसरोवर घाट, राजा घाट, पांडेय घाट, बलुआघाट, ब्रह्मा घाट, हनुमानगढ़ी घाट और मणिकर्णिका घाट के बगल वाले हिस्से में रोशनी का अभाव पाया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों पर तुरंत समुचित प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। साथ ही उन्होंने नमो घाट के उस पार गंगा पार डोमरी क्षेत्र में, जहां मियावाकी वन लगाया गया है, वहां फ्लड लाइट लगाने के निर्देश दिए। सभी घाटों पर स्वच्छ काशी, सुंदर काशी के बैनर लगाने व संदेश लिखवाने का भी निर्देश दिया गया। नाव से भ्रमण के दौरान महापौर ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता को लेकर घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त विनोद गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, मुख्य अभियंता खुरेश चंद्र सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और क्षेत्रीय पार्षद उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी