home page

वाराणसी में व्हाट्सएप चैटबॉट से 1,627 नागरिकों ने चुकाया 1.11 करोड़ से ज्यादा का गृहकर

 | 

—सोलर पैनल लगवाने वाले भवन स्वामियों को मिलेगी 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट

वाराणसी, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया और हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) अभियान को वाराणसी नगर निगम और गति देने के अभियान में जुट गया है। नगर निगम प्रशासन पीएम सूर्य घर योजना' के तहत अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाने वाले भवन स्वामियों को संपत्ति कर में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट प्रदान करने का निर्णय भी लिया है। इतना ही नहीं अत्याधुनिक एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट में भी अब सोलर पैनल लगवाने का विकल्प शामिल कर दिया गया है, जिससे नागरिक घर बैठे ही इस छूट का लाभ उठा सकें।

खास बात यह है कि इस बार डिजिटल पारदर्शिता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल की गई है। इस क्रम में घर बैठे टैक्स जमा करने के लिए निगम इंडसइंड बैंक के तकनीकी सहयोग से एआई आधारित वाट्स-एप चैटबॉट सुविधा और क्यूआर कोड सेवा को लागू किया है। इस पारदर्शी और हाईटेक व्यवस्था का नागरिकों को काफी सहूलियत हो रही है ।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार,वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक (अप्रैल 2026 से 1 जुलाई 2026 तक) नगर निगम के संपत्ति कर मद में कुल 51,185 करदाताओं ने रिकॉर्ड 33.94 करोड़ रुपये का कर जमा किया है। कुल जमाकर्ताओं में से 20,158 करदाताओं ने विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों (यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड) का उपयोग करते हुए 16.18 रुपये का संपत्ति कर जमा किया है। इसके अलावा चैटबॉट के (व्हाट्सएप) माध्यम से 1,627 नागरिकों ने 1.11 करोड़ रुपये टैक्स जमा कर एक नई मिसाल पेश की है।

—व्हाट्सएप पर ऐसे मिल रही है सुविधा

नगर निगम के जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार,गृहकरदाताओं को अपने मोबाइल से नगर निगम द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन करना होता है, जिससे सीधे उनके वाट्स-एप पर 86018 72601 नंबर सक्रिय हो जाता है। इस नंबर पर सिर्फ 'Hi' लिखकर भेजने के बाद कुछ ही सेकेंड में डिजिटल बिल स्क्रीन पर आ जाता है। यहीं पर अब सोलर पैनल का विकल्प भी उपलब्ध है, जिसे चुनकर उपभोक्ता अपनी अतिरिक्त छूट को सत्यापित कर सीधे सुरक्षित भुगतान कर सकते हैं और तत्काल रसीद डाउनलोड कर सकते हैं। बताया गया कि वाराणसी शहर के 2.33 लाख भवन स्वामियों को निगम कार्यालय की लंबी कतारों और जटिल प्रक्रियाओं से मुक्ति दिलाने के लिए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। समय पर टैक्स देने वालों के लिए आगामी 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की मुख्य छूट दी जा रही है। डिजिटल भुगतान करने वालों को दो प्रतिशत की अतिरिक्त रियायत मिलती है, जिससे कुल राहत 12 प्रतिशत हो जाती है। अब सोलर पैनल धारकों को मिलने वाली 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट से यह लाभ और बढ़ जाएगा। वहीं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पद्म पुरस्कार विजेताओं के लिए 50 प्रतिशत की विशेष छूट का प्रावधान पहले की तरह लागू रहेगा। नगर आयुक्त के अनुसार जिन लोगों ने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच अपना टैक्स जमा कर दिया था, उनकी छूट की राशि को अगले वित्तीय वर्ष के बिल में समायोजित (एडजस्ट) कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी