home page

वाराणसी शहर के 90 प्रतिशत नालों की सफाई पूरी, महापौर ने लिया जायजा

 | 
वाराणसी शहर के 90 प्रतिशत नालों की सफाई पूरी, महापौर ने लिया जायजा


—128 बड़े और 258 छोटे नालों को किया जा रहा दुरुस्त, इसी माह के अंत तक काम पूरा करने का लक्ष्य

वाराणसी,21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के शहरी क्षेत्र में बारिश के दिनों में जलभराव की स्थिति को रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मानसून के आगमन से पहले ही शहर के 90 प्रतिशत नालों की सफाई का कार्य पूरा होने का दावा नगर निगम प्रशासन ने किया है। शेष बचे 10 प्रतिशत नालों की सफाई को इसी जून माह के अंत तक पूरा कराने का लक्ष्य तय किया गया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने रविवार को महमूरगंज स्थित बिरदोपुर और तुलसीपुर वार्ड में नालों की सफाई के कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नाली-नाला और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर के कुल 128 बड़े नालों में से अधिकांश की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि सभी 258 छोटे नालों को पूरी तरह साफ कर लिया गया है। इसके अलावा, सीवर लाइनों को जाम से मुक्त रखने के लिए सुपर सकर और बकेट मशीनों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया है। मानसून के दौरान शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए एक त्वरित कार्रवाई टीम (क्यूआरटी) का गठन करने का निर्णय लिया गया है। यह टीम आपातकालीन स्थिति में जल निकासी की व्यवस्था संभालेगी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद विवेक कुमार कुशवाहा, पुन्नू लाल, जलकल के महाप्रबंधक अनूप कुमार सिंह सहित निगम और जलकल विभाग के अन्य अफसर व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी