home page

नगर निगम में विकास की विभिन्न योजनाएं मूर्त रूप लेंगी, तकनीकी सहायकों की हुई नियुक्ति

 | 
नगर निगम में विकास की विभिन्न योजनाएं मूर्त रूप लेंगी, तकनीकी सहायकों की हुई नियुक्ति


—महापौर व नगर आयुक्त ने 17 तकनीकी सहायकों को सौपा नियुक्ति पत्र, दी पूरी निष्ठा कार्य करने की नसीहत

वाराणसी, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम में विभिन्न योजनाओं को तेजी से मूर्त रुप देने के लिए 17 तकनीकी सहायकों (जेई) की आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्ति की गई है। शुक्रवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपा।

नगर निगम के सामान्य अभियंत्रण विभाग में इन तकनीकी सहायकों के जुड़ने से शहर के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर महापौर ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि युवा तकनीकी सहायकों के आगमन से निगम के विकास कार्यों और तकनीकी व्यवस्थाओं को और अधिक गति तथा मजबूती मिलेगी। उन्होंने कर्मियों से पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ शहर के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।।

महापौर ने कहा कि शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है और ऐसे में तकनीकी रूप से कुशल कार्यबल की अत्यंत आवश्यकता थी। इन 17 तकनीकी सहायकों (जेई) की तैनाती के बाद वार्डों में सड़कों, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की निगरानी बेहतर तरीके से हो सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए कर्मियों की क्षमताओं का पूरा उपयोग करते हुए लंबित विकास योजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपसभापति नरसिंह दास, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता (सामान्य) आरके सिंह और सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव सहित अन्य अफसर भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी