home page

वाराणसी में सड़कों पर पार्किग समस्या के समाधान के लिए पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था

 | 
वाराणसी में सड़कों पर पार्किग समस्या के समाधान के लिए पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप की व्यवस्था


—निजी पार्किंग शुल्क में कमी, प्रथम चरण में व्यवस्था

वाराणसी, 25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में शहर के प्रमुख सड़कों और गलियों में वाहनों की पार्किग की समस्या को देख नगर निगम ने पहल की है। शुक्रवार शाम नगर निगम के वाराणसी स्मार्ट सिटी स्थित सभागार में बैठक हुई।

बैठक में उत्तर प्रदेश नगर निगम (पार्किंग स्थान का सन्निमार्ण, अनुरक्षण और प्रचालन) नियमावली, 2025 के अन्तर्गत पार्किंग प्रबन्ध समिति ने आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी महत्वपूर्ण सुझाव और निर्णय दिए। इसमें निजी पार्किंग संचालकों के शुल्क में कमी का निर्णय लिया गया। अपनी निजी भूमि पर पार्किंग संचालित करने वाले संचालकों से नगर निगम द्वारा लिये जाने वाले शुल्क को कुल मासिक आय के 17 प्रतिशत से घटाकर 12 प्रतिशत तथा दूसरे की निजी भूमि एग्रीमेंट पर लेकर पार्किंग संचालित करने वाले संचालकों के शुल्क को 12 प्रतिशत से घटाकर 8.5 प्रतिशत किया गया।

———प्रथम चरण में पांच स्थानों पर बनेगा पिक एंड ड्रॉप स्थल

नगर आयुक्त के अनुसार, वाराणसी शहर में ऑटो एवं ई-रिक्शा के लिए पिक एंड ड्रॉप स्थलों को चिन्हित किया गया है। इन स्थलों पर वाहन केवल यात्रियों को उतारने अथवा बैठाने के लिए रुकेंगे और इसके बाद तत्काल रवाना होंगे। स्थायी पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।

प्राथमिकता के आधार पर इंग्लिशिया लाइन, पाण्डेयपुर-आजमगढ़ रोड, चौकाघाट पुल के पास, आशापुर-सारनाथ रोड, मैदागिन कोतवाली के सामने, पड़ाव, लंका, बसंत कॉलेज के बगल राजघाट, कलेक्ट्री फार्म तथा दुर्गाकुण्ड ऑटो स्टैण्ड सहित अन्य स्थलों को चिन्हित किया गया है।

प्रथम चरण में इनमें से पांच स्थानों पर पिक एंड ड्रॉप स्थल विकसित किये जाएंगे। संबंधित जोन के अधिशासी अभियंता, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) से समन्वय कर आवश्यक चिन्हांकन, थर्मोप्लास्ट पेंट एवं संकेतक बोर्ड लगाने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।

——20 प्रमुख चौराहों पर जेब्रा एवं स्टॉप लाइन पेंटिंग

शहर के 20 प्रमुख चौराहों/स्थलों पर जेब्रा पेंटिंग एवं स्टॉप लाइन पेंटिंग करायी जाएगी। इसके लिए संबंधित जोन के अधिशासी अभियंता स्थलों का चिन्हांकन कर कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।

पाण्डेयपुर चौराहे से सीकड़ लगाकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा महानगर सीमा तक पिक एंड ड्रॉप के संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिये गये।

——लहरतारा पुल के नीचे क्षेत्र का होगा सुन्दरीकरण

लहरतारा पुल के नीचे बस पार्किंग एवं पुलिस चौकी के आसपास के क्षेत्र का सुन्दरीकरण कराने तथा आई.पी. विजया मॉल के पास वाहन पार्किंग विकसित करने पर भी चर्चा हुई। कैंट क्षेत्र के सामने ऑटो चालकों द्वारा अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े किये जाने से उत्पन्न यातायात समस्या पर समिति ने संज्ञान लेते हुए प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिये।

——अवैध पार्किंग संचालन पर होगी कार्रवाई

पार्किंग संचालन के संबंध में निर्देश दिया गया कि नगर निगम से विधिवत अनुमति प्राप्त करने के बाद ही पार्किंग संचालित की जाये। यदि किसी के द्वारा अवैध संचालन किया जाएगा तो उसके विरुद्ध संबंधित को आवश्यक नोटिस जारी करते हुए कार्यवाही की जाएगी। ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों को पूर्व से संचालित ऑटो स्टैण्डों के आसपास शेड एवं शौचालय की सुविधा के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन करने तथा अतिरिक्त ऑटो स्टैण्ड के लिए संभावित स्थलों का चिन्हांकन कर 15 दिन के भीतर समिति को अवगत कराने के निर्देश दिये गये। प्राप्त प्रस्तावों पर आगामी बैठक में विचार-विमर्श कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ. राजेश कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंशुमान मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव, अधिशासी अभियंता एम.के. सिंह, परिवहन विभाग के पी.टी.ओ. अमित वर्मा आदि भी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी