home page

वाराणसी शहर के जल निकासी प्रबंधन का बनेगा मास्टर प्लान

 | 
वाराणसी शहर के जल निकासी प्रबंधन का बनेगा मास्टर प्लान


—स्टेडियम कॉम्प्लेक्स निर्माण तथा लहुराबीर में देरी पर ठेकेदार पर पेनाल्टी,थमाया नोटिस

वाराणसी, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के शहरी इलाकों में मानसून और सामान्य दिनों में शहरवासियों को जलभराव से होने वाली दुश्वारियों से स्थायी राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने जल निकासी प्रबंधन का एक व्यापक मास्टर प्लान बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक विशेष एजेंसी का चयन कर सर्वे कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर पूरे शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को नए सिरे से दुरुस्त किया जाएगा।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में गुरुवार शाम महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में शहर की सबसे बड़ी समस्या जलजमाव, सीवर और विभिन्न विकास परियोजनाओं की व्यापक रूपरेखा तय की गई। बैठक में नवसृजित वार्डों, पहाड़ी और कंदवा क्षेत्र के साथ-साथ नरिया वार्ड में बारिश के दौरान बीएचयू से आने वाले पानी की समस्या पर गहन मंथन हुआ। महापौर ने स्पष्ट किया कि जल निकासी के लिए जो भी योजना बने, वह आधी-अधूरी न होकर सार्थक और संपूर्ण समाधान देने वाली हो।

—अस्सी नाले की क्षमता का आकलन और त्वरित सफाई के निर्देश

बैठक के दौरान नरिया और आसपास के इलाकों में बीएचयू से बहकर आने वाले पानी के स्थायी निस्तारण के लिए अस्सी नाले की जल वहन क्षमता का त्वरित आकलन कर सफाई कराने के निर्देश जारी किए गए। इसके साथ ही शहर के जिन 10 वार्डों में वर्तमान में पानी जमा है, वहां क्षेत्र के हिसाब से अतिरिक्त पंप लगाकर तत्काल जल निकासी कराने को कहा गया है। सोनिया तालाब कार्य की समीक्षा करते हुए जल निगम को ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

—स्टेडियम निर्माण में देरी पर ठेकेदार पर 10 लाख की पेनाल्टी, नोटिस जारी

विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्ती दिखाते हुए महापौर और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने धीमी गति से चल रही परियोजनाओं पर कड़ा रुख अपनाया। सिगरा स्टेडियम निर्माण में अनावश्यक देरी करने वाली कार्यदायी संस्था पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने और नोटिस जारी कर एक माह के भीतर काम पूरा करने की अंतिम चेतावनी दी गई । इसके अलावा घोड़ा अस्पताल परिसर के निर्माण में लापरवाही पर संबंधित ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए। सिगरा पेट्रोल पंप निर्माण में निर्धारित समय में केवल पांच प्रतिशत प्रगति पाए जाने पर नाराजगी जताई गई और तेजी लाने का निर्देश दिया गया। शिवपुर काशी टाउन में मल्टी-स्टोरी बिल्डिंग के निर्माण को गति देकर 14 जनवरी तक पूरा करने तथा ऐढ़े गोशाला में सीनिया केमा लेन्टा का कार्य दो माह में पूर्ण करने की समय-सीमा तय की गई है।

—चौकाघाट व भेलूपुर में कार्य शुरू, 12 माह में होगा पूरा

बैठक में अन्य प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति भी जांची गई। चौकाघाट व भेलूपुर में जलकल विभाग में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिसे 12 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कैंट मालगोदाम स्थित साड़ी मंडी के निर्माण हेतु आवश्यक कार्यवाही कर कार्य प्रारंभ कराने तथा महमूरगंज में बन रहे फ्लैट व महिला आवास के निर्माण में तेजी लाकर अतिशीघ्र आवंटन शुरू करने के निर्देश दिए गए।

——पितृपक्ष के मद्देनजर कुंडों की व्यापक सफाई अभियान का आदेश

सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सोशल मीडिया पर आ रही शिकायतों पर संज्ञान लिया गया और सभी एसएफआई को अपने क्षेत्रों में व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आगामी पितृपक्ष को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी प्रमुख कुंडों की विशेष सफाई कराने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने, चालान काटने व जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी