वाराणसी के भेलूपुर वार्ड में सीवर व पेयजल लाइन के लिए 78.26 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ
—महापौर अशोक कुमार तिवारी ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य कराया प्रारंभ,भेलूपुर क्षेत्र में बिछेगी 17 किमी लंबी सीवर व पेयजल लाइन
वाराणसी, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के पुराने वार्डों में सीवर एवं पेयजल नेटवर्क को मजबूत करने तथा नागरिकों को जलजमाव की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए नई सीवर व पेयजल लाइन बिछाने का कार्य जारी है। बुधवार को कैंट विधानसभा के भेलूपुर वार्ड (वार्ड संख्या 51) में बुनियादी सुविधाओं के कायाकल्प के लिए विकास परियोजनाओं का भव्य शुभारंभ किया गया।
महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव की उपस्थिति में विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। रामलीला मैदान, गांधी चौक (खोजवां बाजार) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भेलूपुर वार्ड में 17.0 किलोमीटर लंबी सीवर एवं पेयजल लाइन तथा गृह संयोजन हेतु 72.71 करोड़ रुपये की लागत की मुख्य परियोजना का शुभारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त सड़क निर्माण के लिए 4.55 करोड़ रुपये तथा मिनी नलकूप व रीबोर कार्य के लिए एक करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों को मिलाकर भेलूपुर क्षेत्र में कुल 78.26 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों की शुरुआत की गई । इस अवसर पर महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काशी के विकास को एक नया आयाम मिल रहा है। सीवर व पानी की नई पाइपलाइन बिछाने के इस वृहद कार्य के दौरान नागरिकों को आवागमन में कुछ महीनों के लिए थोड़ी अस्थायी असुविधा झेलनी पड़ सकती है। यह कार्य सीवर जाम व ओवरफ्लो से मुक्ति दिलाएगी तथा हर घर तक शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय पार्षद रीता देवी, अशोक सेठ (प्रतिनिधि), अशोक मौर्य (पार्षद), श्याम आसरे मौर्य (पार्षद), अशोक मिश्रा (पूर्व पार्षद), नवनीत पांडेय अतुल (प्रतिनिधि), संजीव चौरसिया (नामित पार्षद), पुन्नु बिंद, राहुल सिंह एवं सरदार बलवंत के अलावा क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

