स्वच्छता और यातायात सुरक्षा को जीवन में उतारें विद्यार्थी:नगर निगम
-स्कूली बच्चों में नागरिक बोध जगाने को 'स्वच्छता से संस्कार' अभियान की पहल
वाराणसी,07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम ने शहर में स्वच्छता और नागरिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक माह (1 अगस्त से 31 अगस्त 2026) तक 'स्वच्छता से संस्कार' अभियान चलाया है। इस अभियान में शुक्रवार को शहर के दो प्रमुख विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत दशाश्वमेध जोन के काशी बालिका शिक्षा इंटर कॉलेज (शिवपुरवा) और सारनाथ जोन के प्रेमचंद स्मारक इंटर कॉलेज (लालपुर) में विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में निगम की आईईसी व आईटीसी टीम ने विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के गुर सिखाए। अधिकारियों ने गीले व सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग करने , सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार करने, वृक्षारोपण तथा कचरे के पुनः उपयोग व पुनर्चक्रण के महत्व पर जोर दिया। विशेषज्ञों ने बताया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संस्कार है। इसके उपरांत यातायात विभाग की ओर से टीएसआई व पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की विस्तृत जानकारी दी। बच्चों को हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, ज़ेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग न करने और ट्रैफिक संकेतों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने घर, विद्यालय व आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

