home page

वाराणसी नगर निगम की रडार पर 83 हजार भवन, एक अप्रैल से शुरू होगी कुर्की, नीलामी

 | 
वाराणसी नगर निगम की रडार पर 83 हजार भवन, एक अप्रैल से शुरू होगी कुर्की, नीलामी


-दुकान के किराए और लाइसेंस शुल्क में देरी पर सीधे 50 प्रतिशत लगेगा विलंब शुल्क और प्रतिष्ठान होंगे सील

वाराणसी, 30 मार्च (हि.स.)। वाराणसी नगर निगम के जलकर और सीवर कर के बकायेदारों के लिए राहत की घड़ियां अब खत्म होने को हैं। शत-प्रतिशत सरचार्ज (ब्याज) माफी का लाभ उठाने के लिए शहरवासियों के पास अब महज 24 घंटे का समय शेष है। ऐसे में यदि मंगलवार रात तक बकाया जमा नहीं किया गया, तो पहली अप्रैल से न केवल ब्याज की पूरी राशि देनी होगी, बल्कि नगर निगम बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और जब्ती का बड़ा अभियान भी शुरू करने जा रहा है।

छूट की अवधि 31 मार्च को समाप्त हो रही है और पहली अप्रैल से निगम ने सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। नगर निगम ने ऐसे लगभग 83,000 भवनों को भी चिन्हित कर लिया है, जिनकी सूची जोनवार तैयार है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार भवन स्वामियों की सुविधा के लिए मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद भवन स्वामियों की सुविधा हेतु नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स कलेक्शन सेंटर रात 9:00 बजे तक खुले रहेंगे। 31 मार्च की रात 12 बजे के बाद किसी भी स्थिति में छूट का लाभ नहीं मिलेगा। ऑनलाइन भुगतान भी किया जा सकता है। दुकान के किराए और लाइसेंस शुल्क को लेकर निगम का रुख सबसे कड़ा है। भुगतान में 31 मार्च तक की देरी होने पर निगम ने मूल धनराशि पर सीधे 50 प्रतिशत विलंब शुल्क लगाने का निर्णय लिया है। बार-बार नोटिस के बाद भी जो दुकानदार या लाइसेंसधारी शुल्क जमा नहीं कर रहे, उनके प्रतिष्ठानों को सील करने की तैयारी है।

——1.48 लाख से अधिक जागरूक स्वामियों ने जमा किया टैक्स

नगर में 1,48000 से अधिक भवन स्वामियों ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अब तक कुल 185.78 करोड़ रुपये गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा कर दिया है। नगर आयुक्त ने कहा कि ईमानदारी से टैक्स भरने वालों को ही सरचार्ज माफी का पूरा लाभ मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी