वाराणसी के हड़हासराय में जलजमाव,पहुंचे महापौर,लिया जायजा
-जलकल की मुख्य सीवर लाइन के ऊपर बगैर अनुमति निर्माण से जलभराव
वाराणसी,03 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र हड़हासराय क्षेत्र में सीवर लाइन के ऊपर हुए निर्माण के कारण हुए जलभराव से आमजन के साथ इस मार्ग से आने जाने राहगीर भी बेहाल हैं। इसकी जानकारी मिलने पर गुरूवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जलजमाव में भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हड़हा, दालमंडी और काशीपुरा क्षेत्रों का भ्रमण कर जलनिकासी व सीवर व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं।
दरअसल विभागीय जांच व निरीक्षण के दौरान स्पष्ट हुआ कि नावेद कॉम्प्लेक्स भवन के नीचे से जलकल विभाग की मुख्य सीवर लाइन गुजरती है, जो राम सिंह अखाड़ा होते हुए दशाश्वमेध जोनल कार्यालय परिसर के मुख्य चैंबर से मिलती है। इस सीवर लाइन के ऊपर पक्का निर्माण हो जाने के कारण सीवर का प्रवाह बाधित हो गया है, जिससे हड़हा, दालमंडी, काशीपुरा और पियरी क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसे देखते हुए जलकल विभाग ने भवन स्वामी को दोबारा नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर सीवर लाइन को अवरोध-मुक्त करने के निर्देश दिए है। ताकि सीवर लाइन की सफाई और मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा किया जा सके। महापौर ने आम जनता को हो रही असुविधा को गंभीरता से लेते हुए जलकल व नगर निगम के अधिकारियों को तुरंत तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय भाजपा पार्षद इंद्रेश कुमार सिंह, श्रवण कुमार गुप्ता, अतुल पांडेय, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह और जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्रा भी मौजूद रहे।
अन्य वार्डों में भी विकास व सफाई कार्यों की समीक्षा
सुबह के वक्त महापौर ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों सुसुवाही वार्ड, अवलेशपुर, कंदवा और चितईपुर का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षदों और अधिकारियों के साथ जलनिकासी की व्यवस्था देखी और जारी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

