वाराणसी : मॉडल रोड के रूप में विकसित हाेगा नगर निगम मुख्यालय मार्ग
-महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया 11.61 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण
वाराणसी, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी शहर के विकास कार्यों पर नगर निगम भी निगरानी रख रहा है। शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा फल मंडी के पास मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए, जिससे आम जनता को जल्द राहत मिल सके।
सीएम ग्रिड्स योजना के अंतर्गत 11.61 करोड़ रुपये की लागत से तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक के 610 मीटर लंबे मार्ग पर ड्रेनेज व फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है। इस पूरी परियोजना के माध्यम से नगर निगम मुख्यालय की ओर आने वाली फल मंडी सड़क को एक आदर्श (मॉडल) रोड के रूप में विकसित कर रहा है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर दिया ताकि यह मॉडल रोड भविष्य में अन्य क्षेत्रों के विकास के लिए एक मिसाल बन सके। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि काम तेजी से प्रगति पर है और इसे हर हाल में तय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र आदि भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

