home page

वाराणसी नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव शुक्रवार को

 | 
वाराणसी नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव शुक्रवार को


—देर शाम मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा

वाराणसी, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के छह सेवानिवृत्त सदस्यों के रिक्त पदों पर होने वाला निर्वाचन 17 जुलाई शुक्रवार को होगा।

चुनाव के लिए सदन की बैठक मैदागिन स्थित टाउनहाल सभागार में अपरान्ह 2.30 बजे बुलाई गई है। निर्वाचन अपरान्ह 2 .10 बजे से 2. 40 बजे तक,कार्यकारिणी समिति के लिए सदस्यों के नाम प्रस्तावित किए जाएंगे,अपरान्ह 02:40 बजे से 02:50 बजे तक जमा किए गए नामांकन पत्रों की जांच होगी। नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार अपरान्ह 02:50 बजे से 03:00 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस (नाम वापसी) ले सकेंगे।

अपरान्ह 03:00 बजे से 04:00 बजे तक आवश्यकता पड़ने पर मतदान ,शाम 04:00 बजे से 06:00 बजे तक सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान कराया जाएगा। शाम 06 बजे से मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी।

—नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में समाजवादी पार्टी गठबंधन धर्म निभाए: कांग्रेस

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने नगर निगम वाराणसी की कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी से गठबंधन धर्म का पालन करने की अपील किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों के बीच विश्वास, पारदर्शिता और आपसी प्रतिबद्धता का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में हुए नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने गठबंधन की भावना का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया था। उस चुनाव में कांग्रेस के सभी पार्षदों ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों का पूर्ण समर्थन किया था, जिसके परिणामस्वरूप समाजवादी पार्टी के पार्षद अमरदेव यादव एवं प्रमोद यादव कार्यकारिणी के सदस्य निर्वाचित हुए थे। उस समय समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं पार्षदों द्वारा यह स्पष्ट लिखित आश्वासन दिया गया था कि आगामी कार्यकारिणी चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी को पूरा समर्थन दिया जाएगा। आज वही अवसर आया है और कांग्रेस पार्टी ने अपने नेता पार्षद दल गुलशन अली को कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। कांग्रेस पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि समाजवादी पार्टी अपने पूर्व वचन, राजनीतिक नैतिकता और गठबंधन धर्म का सम्मान करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी गुलशन अली के पक्ष में मतदान करेगी तथा उन्हें विजयी बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी