वाराणसी नगर निगम ने की 1264 बड़े बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई
-31 मार्च तक अवसर, टैक्स जमा करने पर ब्याज में शत प्रतिशत छूट,आनलाइन टैक्स जमा करने की सुविधा
वाराणसी, 24 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त तेवर अपनाया है। बकायेदारों को पूर्व में नोटिस भी नगर निगम प्रशासन ने दिया है। इसके बावजूद लगभग एक लाख से अधिक भवन स्वामियों ने अब तक टैक्स नहीं जमा किए है। इसे देखते हुए निगम प्रशासन एक माह के भीतर 1264 बड़े बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई कर कुर्की भी किया है। सीलिंग की कार्रवाई के बाद भवन स्वामी टैक्स जमा करने लगे है। यह देख नगर निगम प्रशासन ने 'स्वर्णिम छूट' योजना के तहत 31 मार्च तक जलकर और सीवर कर के पुराने ब्याज पर शत-प्रतिशत छूट की घोषणा की है। ऐसे में 35 दिनों के बाद भवन स्वामियों को ब्याज सहित टैक्स जमा करना होगा ।
नगर आयुक्त के अनुसार शहर में कुल 233708 भवन गृहकर, जलकर व सीवरकर के दायरे में है । इन भवनों पर कुल 434.65 करोड़ रुपये टैक्स बकाया है। जब कि वर्तमान वित्तीय वर्ष (2025-26) में कुल 225.05 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है । वहीं, लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 142.59 करोड़ रुपये की वसूली सुनिश्चित की है, जो कुल लक्ष्य का करीब 63.36 प्रतिशत है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इसको लेकर मंगलवार को जोनवार टैक्स वसूली की समीक्षा भी की।
उन्होंने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष के समापन से पहले गृहकर और जलकल की वसूली के लिए अभियान तेज करने को कहा है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक टैक्स जमा न करने वाले भवन स्वामियों को अगले वित्तीय वर्ष में किसी भी प्रकार की छूट का लाभ नहीं मिलेगा और उनसे ब्याज सहित वसूली की जाएगी। उन्होंने वसूली अभियान नया वित्तीय वर्ष शुरू होते ही करने का निर्देश दिया ।
नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार अब तक गृहकर के मद में 58.16 करोड़ और जलकल के मद में 84.44 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। इसमें भेलूपुर जोन 81.80 प्रतिशत की वसूली के साथ सबसे आगे है, जबकि वरुणापार जोन ने भी 78.19 प्रतिशत का आंकड़ा छू लिया है। वहीं, आदमपुर और कोतवाली वसूली लक्ष्य से अब भी काफी दूर है । लक्ष्य के सापेक्ष शतप्रतिशत वसूली के लिए निगम भवन स्वामियों को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करा रहा है । पंपलेट भी बांटे जा रहे हैं। साथ ही भवन स्वामियों की सुविधा के लिए जोनवार कैंप लगाया जा रहा है । घर बैठे क्यूआर कोड व निगम की वेबसाइट पर आनलाइन भी टैक्स जमा किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

