home page

काशी विद्यापीठ के मुख्य परिसर से सीधे लें गंगापुर परिसर में प्रवेश, 14 अगस्त तक विशेष प्रवेश काउंटर की सुविधा

 | 
काशी विद्यापीठ के मुख्य परिसर से सीधे लें गंगापुर परिसर में प्रवेश, 14 अगस्त तक विशेष प्रवेश काउंटर की सुविधा


—‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश का अवसर

वाराणसी, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महाराजा डॉ. विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने मुख्य परिसर में विशेष प्रवेश काउंटर की व्यवस्था की है। यह काउंटर 14 अगस्त तक संचालित रहेगा, जहां से अभ्यर्थी गंगापुर परिसर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

गंगापुर परिसर के प्रवेश समन्वयक डॉ. रमेश मिश्रा ने रविवार को बताया कि मुख्य परिसर स्थित प्रवेश प्रकोष्ठ में स्थापित इस विशेष काउंटर के माध्यम से अभ्यर्थी बी.ए., बी.कॉम., बी.एफ.ए., बी.बी.ए., बी.सी.ए., एम.ए., एम.कॉम., एम.एफ.ए. तथा पी.जी. डिप्लोमा इन साइकोथेरेपी सहित विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सीधे प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि गंगापुर परिसर में भी प्रतिदिन काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी परिसर में सीधे पहुंचकर संबंधित पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं। डॉ. मिश्रा के अनुसार अब तक लगभग 70 प्रतिशत अभ्यर्थियों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है और प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी है।

विश्वविद्यालय के समन्वयक (जनसंपर्क) डॉ. सुमित कुमार घोष ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा और समय की बचत को ध्यान में रखते हुए मुख्य परिसर में यह विशेष प्रवेश काउंटर स्थापित किया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को गंगापुर परिसर में प्रवेश के लिए अतिरिक्त असुविधा का सामना न करना पड़े। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे 14 अगस्त से पहले इस विशेष सुविधा का लाभ उठाकर समय रहते अपना प्रवेश सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी