स्व-गणना की प्रक्रिया को जन जन से जोड़ने के लिए महापौर ने की नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों की बैठक
वाराणसी, 17 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के नगर निगम वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों की बैठक सभागार मे आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी एवं अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया को जन जन से जोड़ने, ऑनलाइन पंजीकरण और आवश्यक जानकारियां दर्ज करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में नागरिकों को जागरूक कर इस अभियान से जोड़ने की अपील करनी है। 16 से 30 नवंबर तक चल रही इस प्रक्रिया में काशीवासियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। स्वयं अपनी गणना करें और डिजिटल जनगणना के इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहभागी बनें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

