home page

इंग्लैंड के वेलिंगबोरो के मेयर पहुंचे वाराणसी, महापौर अशोक तिवारी से की शिष्टाचार भेंट

 | 
इंग्लैंड के वेलिंगबोरो के मेयर पहुंचे वाराणसी, महापौर अशोक तिवारी से की शिष्टाचार भेंट


—मेयर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के निवासी

वाराणसी, 06 मार्च (हि.स.)। इंग्लैंड के वेलिंगबोरो नगर के मेयर राज मिश्रा ने शुक्रवार को वाराणसी प्रवास के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी से उनके कक्ष में शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों के मध्य शहरी विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। बताते चले, मेयर राज मिश्रा वर्तमान में इंग्लैंड के वेलिंगबोरो टाउन काउंसिल के मेयर हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के निवासी हैं । 13 मई 2025 को वेलिंगबोरो टाउन काउंसिल के पाँचवें मेयर के रूप में निर्वाचित हुए। उनका कार्यकाल 13 मई 2025 से 13 मई 2026 तक है। वे यूनाइटेड किंगडम की प्रमुख राजनीतिक पार्टी कंज़र्वेटिव से जुड़े हुए हैं। किसान परिवार में जन्मे राज मिश्रा ने चंडीगढ़ से बी.टेक तथा लंदन से कंप्यूटर साइंस में एम.टेक की डिग्री प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त उन्होंने डेटा साइंस में प्रमाणन भी हासिल किया है।

राजनीति में आने से पूर्व वे सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में लगभग 15 वर्षों तक कार्यरत रहे तथा यूके के रक्षा मंत्रालय एवं बैंकिंग सेक्टर में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अक्टूबर 2025 में उन्होंने उत्तर प्रदेश में एआई डेवलपमेंट सॉल्यूशन प्रोजेक्ट के अंतर्गत लगभग 2500 करोड़ रुपये के संभावित निवेश की घोषणा भी की थी। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, वरिष्ठ पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया, सिंधु सोनकर, मदन दूबे, प्रवीण राय, सुरेश पटेल आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी