home page

एसआईआर के बाद भी वाराणसी के मतदाता सूची में अनियमितता, राज्यमंत्री ने लगाया आरोप

 | 

—राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल ने चिंहित 9000 मतदाताओं के नाम की सूची जिलाधिकारी को सौंपी

वाराणसी, 05 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के स्टांप राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने आरोप लगाया कि वाराणसी शहर उत्तरी में एसआईआर की फाइनल लिस्ट जारी होने के बाद भी मतदाता सूची में अनियमितता सामने आई है। शहर उत्तरी विधानसभा में 9000 हजार ऐसे मतदाताओं का नाम चिंहित हुआ है जिनके नाम दो से पॉच स्थानों पर दर्ज हैं।

राज्यमंत्री गुरूवार अपरान्ह स्थानीय सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने मतदाता सूची की अनियमितता का पर्दाफाश करते हुए इसे 'वोट जिहाद' करार दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर की फाइनल लिस्ट जारी होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के बीएलए ने सूची का जांच किया तो पूरा मामला सामने आया। राज्यमंत्री ने ऐसे कई महिलाओं के नाम भी दिखाए। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं के नाम अन्य बूथों पर भी पाए गए हैं। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में ऐसी गतिविधियाँ लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की बड़ी साजिश हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल मतदान के नियमों का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह एक संगठित प्रयास है, जिसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करना है।

रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि इस प्रकार की अनियमितताओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है । उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि इस पूरे मामले की जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी