home page

मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त चिकित्सालय में कायाकल्प योजना के तहत फाइनल असेसमेंट, प्रमुख अधीक्षक ने टीम भावना और सामूहिक प्रयासों को सराहा

 | 
मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त चिकित्सालय में कायाकल्प योजना के तहत फाइनल असेसमेंट, प्रमुख अधीक्षक ने टीम भावना और सामूहिक प्रयासों को सराहा


वाराणसी, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के कबीरचौरा स्थित मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त चिकित्सालय में कायाकल्प योजना के तहत स्टेट कायाकल्प असेसमेंट क्वालिटी टीम ने अंतिम मूल्यांकन किया। टीम के सदस्यों क्षितिज पाठक, संदीप गुप्ता और तरन्नुम ने अस्पताल में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा चिकित्सालय की समग्र व्यवस्थाओं का निर्धारित मानकों के आधार पर निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया।

रविवार को इसकी जानकारी देते हुए चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने कहा कि कायाकल्प योजना के तहत बेहतर प्रदर्शन के लिए अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, विशेष रूप से इन्फेक्शन कंट्रोल नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ योगदान दिया है। उन्होंने सभी के सामूहिक प्रयासों और टीम भावना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

प्रमुख अधीक्षक ने डॉ. अभिषेक राय (अधीक्षक), डॉ. मुकुंद श्रीवास्तव, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. मृदुला मलिक, डॉ. सत्येंद्र राय, डॉ. पीके पांडे, डॉ. पुष्पा सिंह, सहायक नर्सिंग अधीक्षक कैलाश राम, प्रियंका सिंह, बीनू सैनी, सुप्रिया भारती (इन्फेक्शन कंट्रोल नर्स), दिव्या सिंह, रोमा, नागेंद्र, इमरान, दीपकेश एवं दुर्गेश सहित समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल को बेहतर बनाने और कायाकल्प के निर्धारित मानकों पर खरा उतरने में सफाई कर्मचारियों से लेकर निरीक्षण में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की अहम भूमिका रही है। यह उपलब्धि सभी के सामूहिक परिश्रम, समर्पण और बेहतर टीम भावना का परिणाम है।

डॉ. बृजेश कुमार ने कहा कि चिकित्सालय का लक्ष्य कायाकल्प योजना के तहत देश और प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना है। इसके लिए स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि शासन एवं स्वास्थ्य महानिदेशालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में चिकित्सालय में 'ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026' के अंतर्गत 'वन वीक, 7 एक्शन, 1 प्लैनेट' अभियान भी संचालित किया गया। अभियान के प्रथम दिन जीवनशैली शपथ, वॉकथॉन, साइक्लोथॉन, योग शिविर और पौधरोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित कर स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। प्रमुख अधीक्षक ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार स्वास्थ्य संस्थान के रूप में अपनी पहचान स्थापित करना भी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी