रेलवे क्रासिंग पर तीन साल की बेटी को लेकर ट्रेन के आगे कूदी महिला, दोनों की मौत
वाराणसी, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी रेलवे क्रॉसिंग के समीप सोमवार को एक महिला अपनी तीन साल की पुत्री को लेकर ट्रेन के आगे कूद गई। महिला और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख महिला का पति बिलखने लगा। सूचना पाकर जीआरपी भी मौके पर पहुंची और टुकड़ों में बंटे शव को समेट कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हृदय विदारक घटना की जानकारी पाते ही महिला के परिजनों में कोहराम मच गया।
जंसा के लक्षीपुर रामेश्वर निवासी अजीत कुमार अपने पत्नी अनीता देवी (22) तथा पुत्री दर्शना (3) को लेकर मोटरसाइकिल से भाऊपुर बाजार में दवा दिलाने के लिए गया था। दवा दिलाने के बाद अजीत एक मिठाई की दुकान पर पहुंचा और मिठाई खरीदकर आया तो उसकी पत्नी ने बताया कि किसी सहेली से मिलना है। अजीत कुछ कहता इसके पहले ही अनीता बेटी को लेकर वाराणसी की ओर से आ रही ट्रेन के आगे कूद गई। यह देख अजीत और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ट्रेन के गुजरने के बाद क्रासिंग पर अनीता और बेटी का शव टुकड़ों में देख अजीत गश खाकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी रेलवे के अफसरों को हुई तो जीआरपी घटनास्थल पर पहुंची।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

