home page

काशी में पहली बार गंगा की रेत पर महिला बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता,खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 | 
काशी में पहली बार गंगा की रेत पर महिला बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता,खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


—पहला मैच विकास क्लब और लाल बहादुर शास्त्री क्लब के बीच खेला गया,12 टीमें हिस्सा ले रहीं

वाराणसी,14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में मंगलवार से पहली बार गंगा नदी की रेती पर बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यूपी एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में रमना स्थित मठ गढ़वा आश्रम के ठीक सामने गंगा की रेत पर महिला बीच हैंडबॉल प्रतियोगिता की शुरूआत हुई। प्रतियोगिता का उद्घाटन गढ़वाघाट मठ आश्रम के मलकार बाबा ने किया। प्रतियोगिता में पहला मैच विकास क्लब और लाल बहादुर शास्त्री क्लब के बीच खेला गया,जिसमें विकास क्लब ने लाल बहादुर शास्त्री क्लब को 10-8 गोल से पराजित किया। वहीं, दूसरा मैच रॉयल क्लब और वाराणसी टाइगर के बीच हुआ,जिसमें रायल क्लब ने 6-4 गोल से वाराणसी टाइगर टीम को हरा दिया। प्रतियोगिता के संयोजक व यूपी एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष डॉ ए.के. सिंह के अनुसार इस प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें 96 महिला खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 14 राष्ट्रीय स्तर की हैं। प्रतियोगिता के लिए दो कोर्ट बनाए गए हैं। प्रतियोगिता के पूर्व गढ़वाघाट आश्रम के मलकार बाबा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी