वाराणसी : शिवपुर में पुलिस कर्मी की पत्नी मकान के तीसरे तल से नीचे गिरी, मौत
वाराणसी, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र के विवेकपुरम कॉलोनी में बुधवार को एक पुलिस कर्मी की पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में तीन मंजिले मकान के बारजे से नीचे गिर गई। पड़ोसी और आसपास के लोगों ने महिला को तत्काल भरलाई स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। महिला को पांडेयपुर स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर पड़ोसी पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर चंदौली जनपद के पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात पति कमलेश कुमार राय भी अस्पताल पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से थाना कोतवाली जनपद बलिया के निवासी कमलेश राय शिवपुर के विवेक पुरम कॉलोनी में किराये के मकान में पत्नी व पॉच वर्षीय बेटे के साथ रहते है। प्रतिदिन वह तैनाती स्थल चंदौली पुलिस लाइन में नाइट ड्यूटी के लिए अपरान्ह बाद घर से निकल जाते है। सुबह उनकी पत्नी सुनीता छत पर गीला कपड़ा डालने गई थी। इसी दौरान वह अचानक छत से नीचे गिर गई। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी कमलेश राय को दी तो घर आने के लिए रास्ते में थे। शिवपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

