home page

सदस्य, राज्य महिला आयोग ने महिलाओं की समस्याओं को सुना, महिला उत्पीड़न रोकथाम पर जोर

 | 

—जिला कारागार के महिला बंदी सेल में सदस्या ने महिला बंदियों से किया संवाद

वाराणसी, 09 मार्च (हि.स.)। राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाए के लिए स्थानीय सर्किट हाउस में जनसुनवाई हुई। जनसुनवाई में कुल 21 प्रकरण आये। जिसमें अधिकतर प्रकरण घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद एवं बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित थे।

आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण के दृष्टिगत् प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित विभाग को उपलब्ध कराते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं की समस्याओं का संज्ञान ले। और उसका निस्तारण नियमानुसार अविलम्ब कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि छोटे मामलों की उचित जांच कर निस्तारण कराएं, ताकि लोगों को न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं नियमसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

—जिला कारागार के महिला बंदी सेल में व्यवस्था का लिया जायजा

राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा ने जिला कारागार के महिला बंदी सेल में जाकर महिला क़ैदियों की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। जिला चिकित्सालय वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर उन्होंने हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं को सहायता प्रदान करने और समय पर सुरक्षा तथा न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आपातकालीन बचाव, चिकित्सा सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कानूनी सहायता, अस्थायी आश्रय आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध), जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांग जन शक्तिकरण अधिकारी के प्रतिनिधि सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी