home page

प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद महापौर पैदल नगर निगम दफ्तर पहुंचे

 | 
प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद महापौर पैदल नगर निगम दफ्तर पहुंचे


'नो फ्यूल डे' के संकल्प को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने जमीन पर उतारा

वाराणसी,14 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान का असर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दिखने लगा है। प्रधानमंत्री के ईंधन की बचत और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के अपील को अमलीजामा पहनाते हुए वाराणसी महापौर अशोक कुमार तिवारी गुरुवार को अपने आवास से पैदल ही नगर निगम कार्यालय पहुंचे।

कड़ी धूप में महापौर को सड़क पर पैदल चलते देख साशल मीडिया में भी इसकी चर्चा रही। इस दौरान महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के हित में ईंधन बचाने का आह्वान किया है। काशी का प्रथम नागरिक होने के नाते मेरा यह कर्तव्य है कि मैं स्वयं इसकी शुरुआत करूँ। जब तक आवश्यक न हो, मैं पैदल चलकर ही जनता की सेवा और दफ्तर के कार्य निपटाऊंगा।

महापौर ने अपील की है कि नगर निगम के सभी कर्मचारी भी सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों का त्याग करें।

बताते चले, नगर निगम में बीते बुधवार को सामूहिक निर्णय लिया गया था कि हर शनिवार को 'नो फ्यूल डे' मनाया जाएगा। हालांकि, महापौर अशोक कुमार तिवारी ने एक कदम आगे बढ़ते हुए प्रतिदिन पैदल दफ्तर आने का जो संकल्प लिया था, उसका अनुपालन उन्होंने गुरुवार से ही शुरू कर दिया।

उनके साथ कुछ समर्थक और पार्षद भी इस मुहिम में शामिल दिखे। महापौर की इस पहल का असर निगम के अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भी दिख रहा है। शनिवार को होने वाले 'नो फ्यूल डे' के लिए पार्षदों ने अभी से साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों की तैयारी कर ली है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी