क्रिकेटर रिंकू सिंह ने मंगेतर सांसद प्रिया सरोज के साथ बाबा विश्वनाथ के चौखट पर टेका मत्था
मंदिर के बाहर प्रशंसकों ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ किया स्वागत, दर्शन-पूजन के बाद रिंकू सिंह ने लोगों का किया अभिवादन
वाराणसी, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी व इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाले हरफनमौला बल्लेबाज रिंकू सिंह ने मंगलवार को अपनी मंगेतर मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज के साथ श्री काशी विश्वनाथ दरबार के चौखट पर हाजिरी लगाई।
रिंकू सिंह ने मंदिर में मंगेतर प्रिया सरोज के साथ विधि विधान से दर्शन पूजन किया। बाबा के दरबार में सफल वैवाहिक जीवन व शानदार कॅरियर के लिए खिलाड़ी ने प्रार्थना की। इस दौरान रिंकू सिंह की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का हुजूम ज्ञानवापी क्रासिंग पर उमड़ पड़ा। दर्शन पूजन के बाद रिंकू सिंह ने प्रशंसकों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। रिंकू सिंह को देखकर प्रशंसक “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ उनका स्वागत बनारसी अंदाज में करते रहे।
इसके बाद क्रिकेटर ने श्री काशी विश्वनाथ धाम का अवलोकन किया और गंगा द्वार से स्टीमर के जरिए नमो घाट के लिए रवाना हो गए। यहां से होटल और फिर अयोध्या में भी दर्शन पूजन के लिए जाएंगे।
बताते चलें कि क्रिकेटर रिंकू सिंह अपनी मंगेतर मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज के साथ सोमवार देर शाम वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। जहां कुछ देर एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में रुकने के बाद खिलाड़ी करखियांव स्थित प्रिया सरोज के आवास के लिए रवाना हो गए। उन्होंने प्रिया सरोज के परिवार के साथ समय बिताया और भोजन किया। इसके बाद नदेसर स्थित एक होटल में रात्रि विश्राम किया। खास बात यह है कि रिंकू सिंह ने कोलकाता के ईडन गार्डेंस स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 34 गेंद में नाबाद 53 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी। रिंकू की यह पारी अहम रही, क्योंकि उन्होंने अपनी दमदार बल्लेबाजी से अपनी टीम केकेआर को आईपीएल 2026 में पहली जीत दिलाई थी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

