home page

श्री काशी विश्वनाथ धाम में बंद करें पॉलिथीन की गूंज , पर्यावरण को बनाएं स्वच्छ और सुंदर

 | 
श्री काशी विश्वनाथ धाम में बंद करें पॉलिथीन की गूंज , पर्यावरण को बनाएं स्वच्छ और सुंदर


—नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने धाम में कपड़े के झोले वितरित किए

वाराणसी, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम में सोमवार को जहां पुण्य और भक्ति का माहौल रहा । वहीं, नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने धाम में पर्यावरण सरंक्षण एवं स्वच्छता की भी अलख जगाई। श्रद्धालुओं को धाम में सिंगल यूज पॉलिथीन का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया गया। श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर में हजारों श्रद्धालुओं के बीच विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने कपड़े के झोले वितरित किए ।

कार्यक्रम में शामिल नगर निगम वाराणसी के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के साथ स्वच्छता संदेश देकर कपड़े के झोले हाथों में लेकर लेकर जनजागरूकता पदयात्रा निकाली। इस अवसर पर राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत स्तर पर सीमित नहीं रहनी चाहिए, यह हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ परिवेश में जीवन जीने से जहां स्वास्थ्य बेहतर होता है, वहीं गंदगी से बीमारियां फैलती हैं।

हमें कूड़ा-कचरा सड़कों पर फेंकने के बजाय कूड़ेदानों का प्रयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में विशेष रूप से सिंगल यूज़ पॉलिथीन के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए इसके बहिष्कार की अपील की गई। नमामि गंगे टीम द्वारा जीवनदायिनी नदियों को स्वच्छ रखने और उनके तटों पर स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया गया। इस आयोजन में श्रद्धालुओं की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों ने विश्वनाथ धाम परिसर में स्वच्छता का संदेश दिया, जिससे “स्वच्छ भारत मिशन” की भावना को वैश्विक पहचान मिले।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी