home page

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में तल्ख धूप में भी दर्शन पूजन के लिए उमड़ रहे लाखों श्रद्धालु

 | 
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में तल्ख धूप में भी दर्शन पूजन के लिए उमड़ रहे लाखों श्रद्धालु


—मंदिर न्यास ने पूरे मंदिर कॉरिडोर परिसर में लगवाया जर्मन हैंगर, शिवभक्तों के पांव न जले जूट के मैट बिछाए गए

वाराणसी, 16 मार्च (हि.स.)। धर्म नगरी वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में तल्ख धूप और गर्मी में भी लाखों श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए उमड़ रहे है। मंदिर में भोर की मंगलाआरती से लेकर देर शाम शयन आरती तक श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए अनवरत कतारबद्ध हो रहे है। मंदिर में बीते रविवार (15 मार्च) की रात्रि 09 बजे तक धाम में 4,18,039 श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के पावन ज्योर्तिलिंग का दर्शन पूजन किया। मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती सख्या को देख श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं की सुविधा और उन्हें गर्मी से बचाने के लिए खास इंतजाम किए है।

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ विश्वभूषण मिश्र ने सोमवार को बताया कि मंदिर प्रशासन ने धूप और गर्मी के बचाव के तमाम इंतजाम श्रद्धालुओं के लिए कर रखे हैं। पूरे मंदिर कॉरिडोर परिसर में जर्मन हैंगर की व्यवस्था की गई है। वहीं, श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने पर पैर न जले उसके लिए जूट के मैट बिछाए गए है। इसके साथ ही कॉरिडोर परिसर क्षेत्र में पानी की व्यवस्था, कूलर पंखे की व्यवस्था मंदिर प्रशासन द्वारा की गई है। श्री काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन करने के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालु इन तमाम व्यवस्थाओं को देखकर मंदिर प्रशासन का धन्यवाद दे रहे हैं और दर्शन कर अपनी मनोकामनाओ की पूर्ति कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी