गुरू पूर्णिमा पर श्री काशी विश्वनाथ का दिव्य श्रृंगार,राजसी पोशाक धारण कराई गई
वाराणसी,29 जुलाई (हि.स.)। गुरू पूर्णिमा (आषाढ़ पूर्णिमा) के पावन अवसर पर बुधवार देर शाम उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भव्य एवं विशेष आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ का दिव्य श्रृंगार कर उन्हें राजसी पोशाक धारण कराई गई। मंदिर परिसर में देर रात तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। मंदिर प्रशासन के अनुसार, पूर्णिमा पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। धार्मिक अनुष्ठानों के तहत बाबा की प्रतिमा को विधि-विधान के साथ गर्भगृह में स्थापित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच संपन्न हुए इस आयोजन ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। बाब के इस स्वरूप की झांकी दर्शन पाने के लिए शिवभक्त आह्लादित दिखे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

