सावन के पहले पुलिस कमिश्नर ने काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा तैयारियों को परखा, सुगम दर्शन पर जोर
वाराणसी, 29 जून (हि.स.)। श्रावण मास के मद्देनजर श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सुगम दर्शन और यातायात प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्थानीय नेमी दर्शनार्थियों (काशीवासियों) को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि उन्हें मंदिर के गेट संख्या-04 से जिग-जैग बैरिकेडिंग के माध्यम से नियंत्रित एवं सुव्यवस्थित प्रवेश दिया जाए, ताकि उनके नियमित दर्शन निर्बाध रूप से हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सामान्य दिनों में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसके लिए मार्गों को यथासंभव खुला रखा जाए। केवल विशेष पर्वों और अत्यधिक भीड़ वाले अवसरों पर ही अतिरिक्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था लागू की जाए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि गंगा दर्शन और बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के बाद मंदिर चौक क्षेत्र में भ्रमण, खरीदारी, स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने तथा सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव करने के लिए सुरक्षित और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि पार्किंग स्थलों की व्यवस्था मंदिर क्षेत्र से अधिकतम 500 मीटर से एक किलोमीटर की दूरी के भीतर सुनिश्चित की जाए, ताकि दर्शनार्थियों को अनावश्यक रूप से लंबी दूरी पैदल न चलनी पड़े।
उन्होंने श्रावण मास की सभी तैयारियों को महाकुंभ स्तर की व्यापकता और दक्षता के अनुरूप करने पर जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण, सुगम दर्शन और शहर में निर्बाध यातायात उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी कतार प्रबंधन तथा आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन एवं अन्य सामान जमा कराने और वापस प्राप्त करने की व्यवस्था को अधिक सरल, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाने पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
गोदौलिया और मैदागिन मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नियंत्रित भीड़ प्रबंधन के उद्देश्य से जिग-जैग बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूरे श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन तथा अन्य आधुनिक निगरानी संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी रखने की योजना पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल तथा एटीएस की संयुक्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त सुरक्षा अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर तथा अपर पुलिस उपायुक्त सुरक्षा नम्रता श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

