home page

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आए वृद्ध श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ी, मौत

 | 

—कड़ी धूप में मंदिर में लगी लम्बी कतार में खड़ा रहने से अचानक चक्कर आने पर बेहोश हो गया था श्रद्धालु

वाराणसी, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में गुरूवार को दर्शन के लिए आए वृद्ध दर्शनार्थी रामप्रकाश शर्मा अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें इलाज के लिए कबीरचौरा स्थित मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। इस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज में देरी करने व लापरवाही से मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच करने में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार जयपुर राजस्थान निवासी रामप्रकाश शर्मा (64) अपने परिजनों के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए वाराणसी आए थे। आज सुबह वह अपने परिजनों के साथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए कतार में खड़े थे। कड़ी धूप और उमस के बीच कतार में देर तक खड़ा रहने से रामप्रकाश की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। कतार में मौजूद परिजनों और मंदिर के सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने उन्हें कतार से उठाकर छायादार स्थान पर लिटाकर प्राथमिक सहायता दी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भेजा गया।

वृद्ध श्रद्धालु के परिजन गगन शर्मा ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी उपचार में देरी हुई और समय पर आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। उनका कहना है कि गंभीर स्थिति होने के बावजूद चिकित्सकों ने तत्परता नहीं दिखाई, जिसके चलते उनके नाना की मौत हो गई।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

उधर, पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। इस संबंध में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने बताया कि मंदिर में वृद्ध श्रद्धालु के चक्कर खाकर बेहोश होने की सूचना पर धाम परिसर में तैनात कर्मियों ने वृद्ध को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद चिकित्सकीय परिक्षण और आवश्यक उपचार किया गया। किन्तु उपचार के दौरान श्रद्धालु की मौत हो गई। घटना के संबंध में पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों की इसकी सूचना फोन से दी गई। अग्रतर विधिक कार्यवाही नियमानुसार संबंधित विभाग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी