home page

श्री काशी विश्वनाथ धाम में सांस्कृतिक संध्या, पंडित जयंत खोट का भजन सुन श्रद्धालु भावविभोर

 | 
श्री काशी विश्वनाथ धाम में सांस्कृतिक संध्या, पंडित जयंत खोट का भजन सुन श्रद्धालु भावविभोर


श्री काशी विश्वनाथ धाम में सांस्कृतिक संध्या, पंडित जयंत खोट का भजन सुन श्रद्धालु भावविभोर


वाराणसी, 25 मार्च (हि.स.)। वासंतिक चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित नौ दिवसीय सांस्कृतिक संध्या श्रृंखला में सातवें दिन बुधवार शाम धाम के शिवार्चनम मंच पर गीत—संगीत और नृत्य का संगम दिखा। कलाकारों के मनोहारी प्रस्तुतियों से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय बन गया।

कार्यक्रम में पंडित सुखदेव मिश्र ने वायलिन वादन, पंडित जयंत खोट का भजन गायन तथा रूपा रानी का नृत्य शिवभक्तों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन वाराणसी की मीनाक्षी दीक्षित ने किया। मंदिर न्यास के अनुसार धर्म, अध्यात्म एवं संस्कृति के पवित्र संगम को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या श्रृंखला चैत्र नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन आयोजित की जा रही है। आज के कार्यक्रम में “हर-हर महादेव” के जयघोष से सम्पूर्ण परिसर गुंजायमान रहा तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

——दिनभर हुआ धार्मिक अनुष्ठान

चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन दिन भर किया गया। नवरात्र के सप्तमी पर ,श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में देवी स्वरूप स्थापित कलश मंदिर के शास्त्रियों ने दुर्गा पाठ के माध्यम से विधिवत आराधना की। मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह दुर्गा पाठ प्रतिदिन नियमित रूप से मंदिर के शास्त्रियों द्वारा माता की आराधना में समर्पित किया जाएगा। इस आयोजन से सम्पूर्ण धाम में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है तथा श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी