home page

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के कर्मियों को दिया गया व्यवहार प्रशिक्षण

 | 
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के कर्मियों को दिया गया व्यवहार प्रशिक्षण


—कार्यस्थल के उत्तरदायित्व के मध्य संतुलन बैठाने का गुर सिखाया गया

वाराणसी, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रतिदिन उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को देख श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने प्रबंधन और प्रशासन विभाग के कार्मिकों को व्यवहार प्रशिक्षण पर खासा जोर दिया है। बुधवार को सभी कार्मिकों को व्यवहार प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में प्रशिक्षित किया गया।

मंदिर न्यास के अनुसार इस सत्र में मंदिर के शास्त्री एवं अर्चक, सुरक्षा एजेंसी के कार्मिक, दर्शन सहायक, स्वच्छता एजेंसी के सुपरवाइजर एवं कार्यालय कर्मी सम्मिलित हुए। श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार, क्रोध नियंत्रण, तनाव प्रबंधन एवं निजी जीवन तथा कार्यस्थल के उत्तरदायित्व के मध्य संतुलन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण सत्र में सैद्धांतिक तथा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उधर, वासंतिक चैत्र नवरात्र के सातवें दिन श्री काशी विश्वनाथ धाम में मंदिर न्यास के अफसरों ने विधि विधान से कन्या पूजन किया। शक्ति स्वरूप कन्याओं का मंदिर के शास्त्रियों ने विधिवत आदर-सत्कार किया। इस दौरान एक श्रद्धालु के अनुरोध पर उनके द्वारा प्रदत्त राशि से कन्याओं को दक्षिणा प्रदान कर उनके चरण स्पर्श कर सम्मान भी दिया गया।

मंदिर न्यास के अनुसार धाम में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व इन दिनों पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि कन्याएं स्वयं शक्ति और मां दुर्गा का स्वरूप होती हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास निरंतर सकारात्मक आचार एवं श्रद्धालु सम्मान के लिए प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी