वाराणसी : देव दीपावली पर फूलों की रंगोलियों और दीपों से जगमगाएगा काशी विश्वनाथ धाम, दर्शनार्थियों के लिए विशेष इंतजाम
—भीड़ प्रबंधन के लिए निर्धारित दर्शन मार्गों पर होगी एंड-टू-एंड बैरिकेडिंग, सुरक्षा और स्वच्छता के भी पुख्ता प्रबंध
वाराणसी, 21 नवंबर (हि.स.)। देव दीपावली के पावन पर्व पर 24 नवंबर की शाम श्री काशी विश्वनाथ धाम भव्य सजावट और दीपोत्सव से जगमगाएगा। इस अवसर पर धाम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विविध आयोजन किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरे परिसर को सुगंधित एवं आकर्षक पुष्पों तथा रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया जाएगा। धाम के विभिन्न स्थलों पर मनमोहक पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी। वहीं, सायंकाल पूरे धाम में दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।
शनिवार को मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि देव दीपावली पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए दर्शन-पूजन की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए निर्धारित दर्शन मार्गों पर एंड-टू-एंड बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इससे दर्शनार्थियों को निर्धारित मार्गों से सुचारु रूप से बाबा के दर्शन करने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके तहत धाम के विभिन्न स्थानों पर शुद्ध आरओ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही, परिसर में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए सफाई एजेंसी को निरंतर साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी के अनुसार, धाम की सुरक्षा के लिए पूर्व निर्धारित सुरक्षा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात संबंधित कार्मिकों को सतर्कता बरतने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सेवा और सुखद अनुभव प्रदान करना मंदिर प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए धाम में कार्यरत सभी कार्मिकों को श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य, शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षित किया जाता है।
मंदिर प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि देव दीपावली पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में बाबा श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन सुलभ कराया जाए। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु धाम में आध्यात्मिक अनुभूति के साथ सुखद और अविस्मरणीय अनुभव लेकर लौटें।------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

