home page

श्री काशी विश्वनाथ धाम में धूमधाम से मना अन्नकूट पर्व, 21 क्विंटल मिठाइयों से बाबा का हुआ भव्य श्रृंगार

 | 
श्री काशी विश्वनाथ धाम में धूमधाम से मना अन्नकूट पर्व, 21 क्विंटल मिठाइयों से बाबा का हुआ भव्य श्रृंगार


श्री काशी विश्वनाथ धाम में धूमधाम से मना अन्नकूट पर्व, 21 क्विंटल मिठाइयों से बाबा का हुआ भव्य श्रृंगार


श्री काशी विश्वनाथ धाम में धूमधाम से मना अन्नकूट पर्व, 21 क्विंटल मिठाइयों से बाबा का हुआ भव्य श्रृंगार


- टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास से निकली बाबा विश्वनाथ की पालकी यात्रा, डमरुओं की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठी काशी

वाराणसी, 10 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धर्म नगरी काशी में मंगलवार को अन्नकूट पर्व पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का 21 क्विंटल विविध प्रकार की मिठाइयों से भव्य श्रृंगार किया गया। वहीं, टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास से बाबा विश्वनाथ की पारंपरिक पालकी यात्रा निकाली गई। शहनाई की मंगल ध्वनि, डमरुओं की गूंज और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच पूरी काशी शिवमय नजर आई।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर मनाए जाने वाले अन्नकूट पर्व को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा की परंपरा से जुड़ा यह पर्व अन्न की समृद्धि, सुरक्षा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

अन्नकूट पर्व के अवसर पर भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव का 21 क्विंटल विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। इसमें बूंदी के लड्डू, मेवे के लड्डू सहित अनेक पारंपरिक मिष्ठान शामिल रहे। पूरे धाम परिसर को फूलों, दीपों और सुगंधित धूप से सजाया गया। भव्य सजावट और धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

वहीं, अन्नकूट पर्व की पारंपरिक रस्म के तहत टेढ़ीनीम स्थित महंत परिवार के आवास से भगवान श्री विश्वनाथ, माता गौरी और गणेश जी की पंचबदन रजत चल प्रतिमाओं की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा पारंपरिक मार्ग टेढ़ीनीम, साक्षी विनायक, ढुंढिराज गणेश और मां अन्नपूर्णा मंदिर होते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंची। यात्रा के दौरान शहनाई और डमरू की धुन के बीच श्रद्धालु हर-हर महादेव का जयघोष करते रहे।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत परिवार के सदस्य पं. वाचस्पति तिवारी ने बताया कि इस वर्ष परिवार में वंश वृद्धि होने के कारण महंत परिवार की ओर से परंपरा का निर्वहन नहीं किया गया। इस बार शिवांजलि के संयोजक संजीव रत्न मिश्र और मनोज शर्मा ने इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाया। बाबा का विशेष श्रृंगार कर पालकी यात्रा निकाली गई और उन्हें विधिवत विश्वनाथ धाम में विराजमान कराया गया।

इसके बाद गर्भगृह में भगवान श्री विश्वनाथ की मध्याह्न भोग आरती विधि-विधान से संपन्न हुई। अन्नकूट के अवसर पर बाबा को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। भोग आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए बाबा के पट खोल दिए गए। प्रसाद वितरण भी पर्व की परंपरा के अनुसार किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा विश्वनाथ से सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

अन्नकूट पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ सनातन संस्कृति के सामाजिक और आध्यात्मिक मूल्यों का भी प्रतीक है। यह पर्व अन्न के महत्व, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सेवा, सहयोग, दान और सामाजिक एकता का संदेश देता है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी