home page

श्री काशी विश्वनाथ धाम की सांस्कृतिक संध्या में शास्त्रीय गायन, भजन और नृत्य ने मोहा मन

 | 


वाराणसी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि के छठे दिन शुक्रवार शाम श्री काशी विश्वनाथ धाम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में जारी रही। धाम स्थित मंदिर चौक (शंकराचार्य चौक) में आयोजित सायंकालीन सांस्कृतिक संध्या में शास्त्रीय गायन, भजन और नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

सांस्कृतिक संध्या में डॉ. शिवानी शुक्ला ने अपने भावपूर्ण शास्त्रीय गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं, पंडित गौरव मिश्र ने भजनों की सुमधुर प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान धाम परिसर आध्यात्मिकता और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में डॉ. दिव्या श्रीवास्तव एवं उनके महिषासुरमर्दिनी डांस ग्रुप ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से मां भगवती की शक्ति, महिमा और आराधना का सजीव एवं कलात्मक चित्रण किया। नृत्य के भावपूर्ण अंदाज ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व को कलात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की।

मंदिर न्यास के अनुसार, श्री काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की यह श्रृंखला भारतीय कला, संगीत और आध्यात्मिक परंपराओं को एक साझा मंच प्रदान कर रही है। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और भारतीय शास्त्रीय कलाओं के अनूठे संगम का अनुभव हो रहा है।

बाबा श्री विश्वनाथ की नगरी काशी में भक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी यह संध्या नवरात्रि के उल्लास को और अधिक गरिमामय बनाती नजर आई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी