वाराणसी : हरि प्रबोधिनी एकादशी पर श्री बद्रीनारायण मंदिर में हुआ दिव्य श्रृंगार, 11 शास्त्रियों ने किया पुरुषसूक्त का पाठ
वाराणसी, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के धार्मिक शहर वाराणसी में हरि प्रबोधिनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर स्थित प्राचीन श्री बद्रीनारायण मंदिर में भगवान श्री बद्रीनारायण का भव्य एवं दिव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर विधि-विधान के साथ षोडशोपचार पूजन संपन्न हुआ तथा 11 शास्त्रियों ने सामूहिक रूप से पुरुषसूक्त का सस्वर पाठ किया।
धार्मिक अनुष्ठान के क्रम में मध्याह्न 12:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री बद्रीनारायण का षोडशोपचार पूजन किया गया। इसके उपरांत 11 शास्त्रियों ने वैदिक परंपरा के अनुसार सामूहिक रूप से पुरुषसूक्त का सस्वर पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।पूजन एवं वैदिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष वातावरण रहा। अनुष्ठान की पूर्णाहुति के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और हरि-हर के जयघोष से गुंजायमान रहा।इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बद्रीनारायण के मनोहारी एवं अलौकिक स्वरूप के दर्शन किए तथा विधिवत पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।हरि प्रबोधिनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने काशी की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा, वैदिक संस्कृति और सनातन धर्म की आस्था एवं श्रद्धा को एक बार फिर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

