home page

युवाओं को भारत की सांस्कृतिक एकता का संदेश देता है काशी तमिल संगमम

 | 
युवाओं को भारत की सांस्कृतिक एकता का संदेश देता है काशी तमिल संगमम


—गंगा-कावेरी की साझा सांस्कृतिक विरासत के उत्सव की सफलता के लिए तमिल श्रद्धालुओं के साथ नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने उतारी मां गंगा की आरती

वाराणसी, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर और दक्षिण भारत की सदियों पुरानी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और साहित्यिक विरासत को एक सूत्र में पिरोने वाले काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण को लेकर वाराणसी में उत्साह का माहौल है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त बनाने और नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक एकता से परिचित कराने वाले इस आयोजन की सफलता के लिए शुक्रवार को नमामि गंगे टीम के स्वयंसेवकों ने हनुमान घाट पर तमिल श्रद्धालुओं के साथ मां गंगा की आरती उतारी। इस दौरान आयोजन की सफलता और देश की सुख-समृद्धि के लिए मां गंगा से प्रार्थना की गई।

काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर, 2026 तक वाराणसी में आयोजित होगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम’ यानी ‘तिरुक्कुरल का अभ्यास करें’ रखी गई है। इसके तहत वाराणसी सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में तिरुक्कुरल के शिक्षण, पठन सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से तमिल साहित्य एवं ज्ञान परंपरा से विद्यार्थियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर केदार घाट और हनुमान घाट पर मां गंगा का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। ये घाट सदियों से उत्तर और दक्षिण भारत के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों के साक्षी रहे हैं। बड़ी संख्या में मौजूद तमिल श्रद्धालुओं ने भी मां गंगा की आरती में सहभागिता की। गंगा और कावेरी की साझा सांस्कृतिक विरासत का यह संगम आपसी आत्मीयता और सांस्कृतिक एकता का संदेश देता नजर आया।

नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि काशी तमिल संगमम का मूल उद्देश्य युवाओं को भारत की सांस्कृतिक एकता और समृद्ध विरासत का स्मरण कराना है। नई पीढ़ी को यह समझना जरूरी है कि भारत प्राचीन काल से ही विविध भाषाओं, परंपराओं और आस्थाओं के बावजूद सांस्कृतिक रूप से एकजुट रहा है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना इसी साझा विरासत की पहचान है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से तमिल भाषा, साहित्य और शास्त्रीय ज्ञान को देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने के साथ भारतीय भाषाओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जा रहा है। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने भाषायी, आध्यात्मिक और सभ्यतागत संबंध इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान करते हैं।

राजेश शुक्ला ने कहा कि काशी तमिल संगमम दो समृद्ध ज्ञान परंपराओं और सांस्कृतिक विरासतों को करीब लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे न केवल साझा विरासत को नई पहचान मिलेगी, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के लोगों के बीच आपसी समझ, आत्मीयता और जुड़ाव भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश की सांस्कृतिक विविधता में निहित एकता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी