काशी तमिल संगमम् 5 : नमो घाट पर बीएचयू के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की सांस्कृतिक एकता की झलक
—कलात्मक इंस्टॉलेशन के माध्यम से आध्यात्मिक विरासत के संगम को रचनात्मक रूप दिया
वाराणसी, 26 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में काशी तमिल संगमम् 5.0 के अंतर्गत नमो घाट पर गुरूवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के दृश्य कला संकाय (फाइन आर्ट्स) के विद्यार्थियों ने एक आकर्षक इंस्टॉलेशन आर्ट तैयार किया। इस कलात्मक प्रस्तुति के माध्यम से काशी और तमिलनाडु की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संगम को रचनात्मक रूप में अभिव्यक्त किया गया। इंस्टॉलेशन के केंद्र में एक बड़ी काले रंग की कागज़ की नाव बनाई गई, जिस पर सफेद रंग से 'तमिल संगमम्' अंकित किया गया। इसके साथ ही नाव के किनारों पर काशी के घाटों और मंदिरों की चित्रकारी की गई, जो काशी की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक परंपरा को दर्शाती है। वहीं, घाट की सीढ़ियों पर विभिन्न रंगों की कागज़ की फिरकियां और छोटी-छोटी नावें सजाई गईं, जिन पर पारंपरिक कलाकृतियां उकेरी गईं।
इस कलात्मक संरचना में हवा के साथ घूमती रंग-बिरंगी फिरकियों और नावों के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत के बीच विचारों, कला, साहित्य एवं संस्कृति के निरंतर प्रवाह और आपसी संवाद का प्रतीकात्मक संदेश प्रस्तुत किया गया। नमो घाट पर स्थापित विशाल नमस्ते प्रतिमा के नीचे सुसज्जित इस इंस्टॉलेशन ने वहां आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इस संपूर्ण कलात्मक गतिविधि का समन्वयन डॉ. मिथुन दत्ता द्वारा किया गया। विद्यार्थियों की इस सामूहिक कलात्मक पहल ने न केवल उनकी रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक अभिव्यक्ति को मंच प्रदान किया, बल्कि कला के माध्यम से भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं के बीच एकात्मता के भाव को भी प्रदर्शित किया। यह प्रस्तुति काशी तमिल संगमम् 5.0 की मूल भावना को साकार करते हुए 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संदेश को रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रदान करने वाली एक सार्थक पहल रही।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

