home page

काशी तमिल संगमम 5.0 के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताई खुशी, प्रतिभागियों का किया स्वागत

 | 
काशी तमिल संगमम 5.0 के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताई खुशी, प्रतिभागियों का किया स्वागत


तिरुक्कुरल के ज्ञान को 50 भाषाओं में उपलब्ध कराने की पहल की सराहना, कहा- सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान का जीवंत मंच बना संगमम

वाराणसी, 28 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने तमिलनाडु सहित देश के विभिन्न हिस्सों से काशी पहुंचे सभी प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत करते हुए इस आयोजन को भारत की सांस्कृतिक एकता और समृद्ध विरासत को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।

प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, मुझे बहुत खुशी है कि आज काशी तमिल संगमम 5.0 की शुरुआत हो गई है।

उन्होंने लिखा कि इस वर्ष के संगमम की थीम, 'तिरुक्कुरल पयिलवोम' (आइए तिरुक्कुरल सीखें), विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। महान तिरुवल्लुवर का ज्ञान मानव जीवन के अनेक पहलुओं पर अमूल्य मार्गदर्शन प्रदान करता है। यह बहुत अच्छी बात है कि तिरुक्कुरल का अनुवाद 10 विदेशी भाषाओं सहित कुल 50 भाषाओं में जारी किया गया है। ऐसे प्रयासों से निश्चित रूप से युवाओं के बीच महान तिरुवल्लुवर के विचार और अधिक लोकप्रिय होंगे। पिछले कुछ वर्षों में, 'काशी तमिल संगमम' सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान के एक जीवंत मंच के रूप में विकसित हुआ है। साथ ही, इससे 'श्रेष्ठ भारत' की भावना भी और मजबूत हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी