home page

वाराणसी : ककरमत्ता की ऐतिहासिक पोखरी का होगा कायाकल्प

 | 
वाराणसी : ककरमत्ता की ऐतिहासिक पोखरी का होगा कायाकल्प


-पोखरी को नया जीवन देने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ने का लक्ष्य

वाराणसी, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के बीएलडब्ल्यू रोड स्थित ककरमत्ता की ऐतिहासिक पोखरी जल्द ही काशी में एक पर्यटन केंद्र और आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में नजर आएगी। मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने पोखरी का स्थलीय निरीक्षण कर चल रहे पुनरुद्धार कार्यों का जायजा लिया।

नगर निगम ने हाल ही में 38 वर्षों से चले आ रहे विवाद को समाप्त कराते हुए करीब 1.5 बीघा (लगभग 100 करोड़ रुपये मूल्य) में फैली इस बेशकीमती सरकारी संपत्ति को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है। अब इसे एक सुंदर और हरे-भरे स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। ककरमत्ता की इस ऐतिहासिक पोखरी को कुछ तथाकथित लोगों द्वारा कूड़ा-कचरा डालकर पाट दिया गया था। पोखरी को उसके मूल स्वरूप में लौटाने के लिए नगर निगम ने भारी अमला तैनात किया है। वर्तमान में मौके पर जेसीबी, पोकलैंड , डंपर व हाइवा मशीनों की मदद से पोखरी की सफाई और गहरीकरण का काम युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अतुल पांडे सहित नगर निगम के कई अन्य अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी