home page

वाराणसी जिला जज ने प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 | 
वाराणसी जिला जज ने प्रचार-प्रसार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


वाराणसी, 07 मई (हि.स.)। आगामी नौ मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर से जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष संजीव शुक्ल ने कचहरी स्थित न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को रवाना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने बताया कि प्रचार-प्रसार वाहन के माध्यम से लोगों को लोक अदालत के महत्व और उसमें होने वाले वादों के निस्तारण के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से समाधान हो सके।

इस अवसर पर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, अपर जनपद न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी अजीत कुमार सहित जनपद के न्यायिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी