home page

वाराणसी: फरियादियों के बीच पहुंचे कमिश्नर एस. राजलिंगम, सुनीं समस्याएं

 | 
वाराणसी: फरियादियों के बीच पहुंचे कमिश्नर एस. राजलिंगम, सुनीं समस्याएं


—अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

वाराणसी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के कचहरी स्थित कमिश्नरी परिसर में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों के बीच उस समय हलचल मच गई, जब मंडलायुक्त एस. राजलिंगम स्वयं उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, नगर निकाय तथा अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। मंडलायुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के प्रभावी समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में सभी अधिकारी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी